ट्रक में छिपा कर लाई जा रही 80 लाख की शराब बरामद, दो गिरफ़्तार ..
उन्होंने बताया कि यह खेप उन्हें दिल्ली से डुमरांव पहुंचानी थी. उनसे कहा गया था कि वहां पहुंचते ही तस्कर उनसे फोन पर संपर्क कर लेंगे.
- डुमराँव थाना क्षेत्र की पुलिस ने दिया कार्रवाई को अंजाम
- पकड़े गए अभियुक्तों से पूछताछ के आधार पर रैकेट का खुलासा करने में जुटी पुलिस.
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर: सूबे में शराब बंदी के बाद शराब की तस्करी एक बड़ा व्यवसाय बन कर उभरा है. बड़े-बड़े सफेदपोश पूंजीपति इसमें लाखों नहीं बल्कि करोड़ों रुपए का निवेश कर रहे हैं. तस्कर अपने शातिर दिमाग तथा भ्रष्टाचारियों की मिलीभगत से अनवरत अपना कारोबार चला रहे हैं. सूत्रों की मानें तो शराब की खपत अब भी लगभग उतनी ही है, जितनी बंदी से पहले थी. हालांकि पुलिस भी तस्करों के विरुद्ध लगातार अभियान चला रही है जिसमें आए दिनों शराब बरामदगी की बातें सामने आती रहती है.
ताजा घटनाक्रम में पुलिस ने फल लदी ट्रक में 810 पेटियों में भरी बॉम्बे स्पेशल व्हिस्की (अंग्रेजी शराब) की चालीस हजार बोतल शराब बरामद करने में सफलता पाई है. मामले में थानाध्यक्ष शिव नारायण राम ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि शराब की एक बड़ी खेप लाई जा रही है, जिसके बाद पुलिस ने वाहनों की जांच शुरू कर दी थी. इसी क्रम में पुलिस को रात्रि करीब 10 बजे स्थानीय रेलवे स्टेशन के समीप एक यूपी नंबर ट्रक यूपी 60 ई 5354 आती दिखाई दी. पुलिस ने ट्रक को रुकवा कर जब उसकी तलाशी लेनी शुरू की तो फल के नीचे छिपाकर रखी गई शराब की पेटियां बरामद हुई.मामले में पुलिस ने चालक तेजससिंह (50 वर्ष) तथा खलासी मुर्तजा अंसारी (27 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि यह खेप उन्हें दिल्ली से डुमरांव पहुंचानी थी. उनसे कहा गया था कि वहां पहुंचते ही तस्कर उनसे फोन पर संपर्क कर लेंगे. पुलिस तस्करों द्वारा बताई गई जानकारी के आधार पर इस धंधे में संलिप्त लोगों की गिरफ्तारी के प्रयास में लग गई है.













Post a Comment