Buxar Top News: सात निश्चय कार्यशाला का मुखिया संघ ने किया विरोध, कहा - संविधान प्रदत अधिकारों का हनन बर्दाश्त नहीं ....
c
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर: मुखियों के वित्तीय अधिकार में कटौती को लेकर आज पुनः मुखिया संघ ने बक्सर में विरोध किया। जिला प्रशासन द्वारा नगर भवन में सामूहिक रूप से मुखिया एवं वार्ड सदस्यों की कार्यशाला आयोजित की गई थी। जिसमे मुखियाओं ने इसका पुरजोर विरोध किया। मुखियों ने राज्य सरकार द्वारा मुखिया के वित्तीय अधिकार में की गई कटौती को दुखद बताते हुये इसके विरोध में आंदोलन चलाने का निर्णय लिया। संघ के जिलाध्यक्ष मार्कण्डेय सिंह उर्फ मुनमुन का कहना है कि मरते दम तक मुखिया महात्मा गांधी के सपनो को साकार कर के ही रहेंगे। वही कार्यशाला में पहुँचे जिला कोषाध्यक्ष सह सदर प्रखंड अध्यक्ष विरेन्द्र राय उर्फ ललक राय ने कहा कि चौदहवीं वित्त आयोग की राशि को राज्य सरकार द्वारा दूसरे शीर्ष में विचलन कर दिया जाना पंचायती राज अधिनियम का खुल्लम-खुल्ला उल्लंघन है। सरकार की पहल जिस प्रकार हो रही है इसमें मुखिया या पंचायत के हित से कोई सरोकार नहीं है। बल्कि जैसा नियम-कानून बनाया गया है उसमें मुखिया को फंसाने वाला है सात निश्चय योजना। वक्ताओं ने कहा कि पंचायती राज व्यवस्था के तहत जो ग्राम पंचायतों को संविधान प्रदत्त अधिकार प्राप्त है उस अधिकार का हनन हो रहा है। इसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकार चौदहवें वित्त आयोग की राशि को सात निश्चय योजना में डायवर्ट करवाकर पैसे का बंदरबांट अपने घोषणाओं को पूरा करने के लिए कर रही है। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इसके विरोध में प्रखंड से लेकर जिला व प्रदेश स्तर तक धरना कार्यक्रम सहित ,उच्चाधिकारी, विधायक एवं सांसद को ज्ञापन सौंपा जाएगा। मौके पर मुखिया शैलेन्द्र कुमार उर्फ बबलू, जय प्रकाश राम, पूनम देवी, विनोद कुमार सिंह, मुखिया प्रतिनिधि मो.फारूक खान, अहिरौली के शिवबल्लभ राम, मुखिया प्रतिनिधि देवेंद्र सिंह उर्फ नाटा सिंह, कमरपुर के मुखिया प्रतिनिधि अजय साह, अनिल कुमार यादव, माधव सिंह, सोनवर्षा मुखिया संतोष कुमार ठाकुर सहित सभी मुखिया या मुखिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे। वही इन मामलों पर आरटीआई एक्टिविस्ट एवं युवा समाजसेवी अमित राय ने कहा कि सरकार का यह कदम उचित नही है जिसपर विशेष कार्यवाही विधानसभा के विशेष सत्र में अवश्य सुनिश्चित होना चाहिए।





Post a Comment