Header Ads

पावर प्लांट के निर्माण पर नीति आयोग ने लगाया ग्रहण तो चौबे जी ने फूंका प्रधानमंत्री का पुतला

पर्यावरण एवं कोयला मंत्रालय इस पर अपनी स्वीकृति दे चुके हो तब अचानक नीति आयोग का इस परियोजना को अनावश्यक बता कर ठंडे बस्ते में डालना लज्जापूर्ण, हास्यास्पद और अनीतिपूर्ण प्रतीत हो रहा है

- कांग्रेस नेताओं ने किया प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन.

- पूछा- क्या यही है सबका साथ सबका विकास?


बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर: चौसा में प्रस्तावित 1320 मेगावॉट बिजली के पावर प्लांट को नीति आयोग द्वारा अनावश्यक करार दिए जाने के विरुद्ध बिहार प्रदेश कांग्रेस के वरीय नेता टीएन चौबे के नेतृत्व में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन स्थानीय अंबेडकर चौक पर किया गया. इस दौरान आयोजित सभा को संबोधित करते हुए श्री चौबे ने कहा कि जिस परियोजना के सभी कार्य औपचारिक रूप से पूरे हो चुके हो, ग्यारह सौ एकड़ जमीन 3 साल पहले ही अधिग्रहित की जा चुकी हो और मुआवजा वितरित हो चुका हो. विगत 2 साल में सतलुज विद्युत निगम लिमिटेड परियोजना क्षेत्र में शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में बुनियादी ढांचा खड़ा कर चुका हो. बिहार में घर-घर बिजली और हर खेत सिंचित करने की योजना परवान चढ़ रही हो. ऊर्जा मंत्रालय इस परियोजना को आवश्यक करार दे चुका हो तथा पर्यावरण एवं कोयला मंत्रालय इस पर अपनी स्वीकृति दे चुके हो तब अचानक नीति आयोग का इस परियोजना को अनावश्यक बता कर ठंडे बस्ते में डालना लज्जापूर्ण, हास्यास्पद और अनीतिपूर्ण प्रतीत हो रहा है. उन्होंने कहा कि इस तरह का कार्य केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ही कर सकते हैं. आगे श्री चौबे ने आक्रोशित लहजे में चेतावनी दी कि अगर इस परियोजना में तत्काल कारवाई नहीं हुई तो इस अन्यायपूर्ण कृत्य के विरुद्ध लड़ाई बक्सर से शुरू होकर दिल्ली के जंतर मंतर तक लड़ी जाएगी और परियोजना को शुरू करा कर ही दम लिया जाएगा. श्री चौबे ने बताया कि बिहार में हर घर बिजली, हर खेत की सिंचाई परियोजना में इस परियोजना की महत्वपूर्ण भूमिका होगी.

परियोजना के शुरु होने से इस क्षेत्र के हजारों नौजवानों को रोजगार मिलने की गारंटी भी होती क्योंकि जमीन अधिग्रहण में यह शर्त भी जुड़ी हुई है कि जमीन दाता के परिवार में किसी एक को रोजगार मुहैया कराया जाएगा. इस निर्णय से क्षेत्र के संपूर्ण विकास पर ही संकट दिखाई दे रहा है. उन्होंने केंद्र सरकार से सीधा सवाल किया किक्या यही "सबका साथ सबका विकास" है? पुतला दहन कार्यक्रम में राकेश तिवारी, शशि समदर्शी, राहुल चौबे, जय कुमार, विश्वास पांडेय, सुशील पाठक, कन्हैया खरवार, मोहम्मद अशफाक, मनोज कुमार, उपेंद्र प्रसाद, राजेश कुशवाहा, चिंटू चौबे सहित अन्य लोग भी सम्मिलित हुए.













No comments