किसानों के लिए वरदान है सोलर वाटर पंप नवीन एवं नवीनीकरण योजना, 19 तक करें आवेदन ..
दो अश्वशक्ति के वाटर पंप सेट की कीमत 2,05,800.00 रूपया वही तीन अश्वशक्ति वाटर पंप की कीमत 2,69,850.00 निर्धारित है. जिसको लाभार्थी अंशदान 25% की दर से दो अश्वशक्ति के लिए 51450.00रुपए देना है तथा तीन अश्वशक्ति की के लिए 67463.00 रुपए देय होंगे
- सिंचाई की समस्या से निजात पाने के लिए बनाई गई है योजना.
- 19 जनवरी है आवेदन की अंतिम तिथि, प्रचार-प्रसार के अभाव में बेहद कम है लाभुकों की संख्या.
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : राज्य में 500 मेगावाट सौर ऊर्जा उत्पादन के लक्ष्य के साथ राज्य सरकार ने सौर ऊर्जा पर फोकस करना शुरू कर दिया है. साथ ही साथ किसानों को सिंचाई की समस्या से निजात दिलाने के लिए राज्य सरकार एवं ब्रेडा के संयुक्त तत्वाधान में सोलर वाटर पंप नवीन एवं नवीनीकरण योजना चलाई जा रही है. जिसमें किसानों को दो एवं तीन अश्वशक्ति के सोलर वाटर पंप दिए जाने की योजना है. हालांकि, जिले में प्रचार-प्रसार के आभाव में जरूरतमंद किसानों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है.
मुख्यमंत्री के पहल पर शुरू हुई थी योजना विभिन्न जिलों में 495 आवेदनों को किया गया था चयनित:
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पहल पर ऊर्जा विभाग ने ब्रेडा के साथ मिलकर मुख्यमंत्री नवीन एवं नवीनीकरण ऊर्जा योजना के लिए एक परियोजना प्रबंधन इकाई गठित की है. इसके तहत किसानों को सोलर वाटर पंप बांटे जाने की योजना शुरू हो गई. वित्तीय वर्ष 2018-19 में पटना, भोजपुर, बक्सर,जहानाबाद, औरंगाबाद, किशनगंज, शिवहर जमुई, नवादा, दरभंगा तथा मधुबनी में 495 किसानों से ऑनलाइन प्राप्त आवेदनों के आधार पर उन्हें सोलर वाटर पंप का वितरण किया जाना था.
ब्रेडा की वेबसाइट पर ऑनलाइन कर सकते हैं आवेदन:
ऐसे किसान जिन्हें सरकार की इस योजना का लाभ नहीं मिला है अथवा उनका इस सूची में नाम नहीं है तथा वे सोलर वाटर पंप प्राप्त करना चाहते हैं तो ऐसी परिस्थिति में वह ब्रेडा की वेबसाइट http://breda.bih.nic.in/brd/ पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. इसके लिए उनको अपने आधार कार्ड की स्कैन कॉपी वेबसाइट पर अपलोड करनी होगी. साथ ही साथ उन्हें जमीन की रसीद, शपथपत्र तथा अपना बैंक डिटेल भी वेबसाइट पर सबमिट करना होगा. विभाग द्वारा निर्धारित अहर्ताएं पूर्ण करने पर ही उनको सोलर पंप प्रदान किए जाएंगे. हालांकि, ऑफ़लाइन आवेदन भी स्वीकार किये जा रहे हैं.
समय-समय पर किया जाता रहेगा निरीक्षण, स्थिति से कराना होगा विभाग को अवगत:
किसानों के लिए अति लाभकारी इस योजना में यह सभी सोलर पंप प्रीमियर सोलर सिस्टम कंपनी के द्वारा बनाए गए है. किसानों को विभाग द्वारा सोलर वाटर पंप देने के साथ साथ उन को उसके रखरखाव की तकनीक भी बताई जाएगी. यही नहीं किसानों को समय-समय पर सोलर सिस्टम से चलने वाले पंप की स्थिति से विभाग को भी अवगत कराना पड़ेगा.
दो और पौने तीन लाख के वाटर पम्प के लिए देने होंगे केवल 51 हज़ार एवं 67 हज़ार रुपए:
ब्रेडा निविदा अनुसार दो अश्वशक्ति के वाटर पंप सेट की कीमत 2,05,800.00 रूपया वही तीन अश्वशक्ति वाटर पंप की कीमत 2,69,850.00 निर्धारित है. जिसको लाभार्थी अंशदान 25% की दर से दो अश्वशक्ति के लिए 51450.00रुपए देना है तथा तीन अश्वशक्ति की के लिए 67463.00 रुपए देय होंगे.
एक एकड़ से पाँच एकड़ भू धारक किसान होंगे पात्र :
इस योजना में सोलर वाटर पंप लेने के लिए किसानों के पास न्यूनतम 1 एकड़ से अधिकतम 5 एकड़ तक जमीन होनी चाहिए. साथ ही सक्षम पदाधिकारी द्वारा भूमि की रसीद भी देनी होगी. हालांकि 19 जनवरी आवेदन प्राप्त करने की अंतिम तिथि है. इसके बाद आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे.
प्रचार-प्रसार के अभाव में अति महत्वाकांक्षी योजना ने तोड़ा दम:
बताया जा रहा है कि इस योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए 115 किसानों ने आवेदन दिया था, जिसमें 59 आवेदनों को रद्द कर दिया गया है. वहीं चार आवेदन अभी लंबित है। माना जा रहा है कि जिले में प्रचार-प्रसार के अभाव के कारण इस महत्वाकांक्षी योजना ने दम तोड़ दिया वर्ना आवेदनों की संख्या और भी ज्यादा होती.
ब्रेडा के कनीय अभियंता नीरज कुमार ने बताता कि सोलर वाटर पंप लगाए जाने के आवेदन प्राप्त किए जा रहे हैं. विभाग द्वारा 19 जनवरी किस की अंतिम तिथि निर्धारित की गई है. प्राप्त आवेदनों पर विचार करते हुए किसानों को योजना का लाभ दिलाया जा रहा है.












Post a Comment