Header Ads

Buxar Top News: भाजपा नेता पर जानलेवा हमला, मरणासन्न अवस्था में थाने के पीछे फेंका ...




बक्सर: मुफ्फसिल थानाक्षेत्र के चौसा में भाजपा के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष पर जानलेवा हमला करने का मामल प्रकाश में आया है |

प्राप्त जानकारी के अनुसार भाजपा के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष सत्येन्द्र कुमार सिन्हा यादव मोड़ चौसा पर चाय पीने आये थे | चाय पीने के बाद उनको किसी कार्यक्रम में शामिल होने जाना था जिसको लेकर उनका पुत्र नवीन कुमार  हेलमेट लाने घर पर गया था | इसी दौरान तीन चार लोग वहां पहुँच गए तथा उनको पास में ही एक जगह जहाँ पोल गाड़ा जा रहा था उसे दिखाने के बहाने उनको लेकर थाने के पीछे स्थित बगीचे में ले गए जहाँ उन लोगों ने पूर्व अध्यक्ष को बुरी तरह पीटा तथा मरा हुआ समझ कर वहीँ छोड़ कर चले गए |
बाद में जब उनका लड़का हेलमेट लेकर आया तो पिता को वहाँ न पाकर ढूँढने लगा | तभी किसी ने सूचना दी कि भाजपा नेता थाने के पीछे अचेत पड़े हुए हैं | जब उनका लड़का अन्य लोगों को लेकर वहां पहुंचा तो देखा कि भाजपा नेता के शरीर पर चोट के गहरे निशान हैं तथा उनके गले पर भी गहरे जख्म बन गए हैं | ऐसा लगता है कि किसी ने उनका गला घोंट कर मारने की कोशिश की है |

आनन-फानन में उन्हें सदर अस्पताल में भर्ती कराया जहाँ उनकी अवस्था अर्धबेहोशी की बनी हुई है | उसी अवस्था में उन्होंने अपनी आपबीती पत्रकारों को बताई | हालांकि, उन्होंने हमलावरों का नाम नहीं बताया |
इस बाबत थानाध्यक्ष आदित्य कुमार ने बताया कि घायल व्यक्ति अभी स्पष्ट रूप से कुछ भी बोल पाने में सक्षम नहीं हैं | हालांकि, उन्होंने बताया है कि चाय दुकान पर आने के बाद उनके साथ क्या हुआ उन्हें याद नहीं है |



No comments