Header Ads

Buxar Top News: चौंगाई में शौचालय निर्माण की राशि के भुगतान को ले किया प्रदर्शन प्रशासन का किया पुतला दहन



बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर/डुमरांव : शौचालय निर्माण के बाद भी अनुदान की राशि भुगतान नहीं होने सोमवार को लाभुकों का गुस्सा फूट पड़ा। जागो किसान के बैनर तले लाभुकों ने चौंगाई बीडीओ और प्रशासन का पुतला दहन किया। पुतला दहन के दौरान आक्रोशित लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। पुतला दहन का नेतृत्व जागो किसान के रोहित प्रताप शाही और मुकेश कुमार ने संयुक्त रुप से किया। नारेबाजी करते पहुंचे लाभुकः शौचालय निर्माण के बाद अनुदान मद में बारह हजार रुपए की राशि पाने की उम्मीद में हताश लाभुक सोमवार को नारेबाजी करते हुए पहुंचे। लाभुकों के हाथों में प्रशासन और बीडीओ का पुतला था। प्रखंड कार्यालय परिसर में नारेबाज़ी के बीच लाभुकों ने प्रशासन और बीडीओ का पुतला दहन किया।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि शौचालय निर्माण के छह माह बाद भी राशि नहीं मिलने से खासकर गरीब परिवारों की स्थिति खराब हो गयी है। वादाखिलाफी के विरुद्ध किया जाएगा संघर्ष: पुतला दहन के उपरांत प्रखंड परिसर में सभा का आयोजन हुआ। सभा को संबोधित करते हुए जागो किसान के संयोजक व भाजपा नेता अरविंद प्रताप शाही उर्फ बंटी शाही ने कहा कि प्रशासन की वादाखिलाफी के कारण शौचालय निर्माण कराने वाले कई गरीब आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि गरीबों ने कर्ज लेकर शौचालय का निर्माण करा लिया। अब जब भुगतान की बारी आयी,तो लाभुकों को टरकाया जा रहा है। प्रशासन की इस नीति से आक्रोश बढ़ने लगा है। उन्होंने कहा कि चौंगाई से आंदोलन की शुरुआत हुई है। पूरे जिले के प्रखंडों में पुतला दहन कर विरोध जताया जाएगा। चौथे दिन केसठ में पुतला दहन कर प्रशासन की मनमानी का विरोध किया जाएगा। पुतला दहन में सच्चिदानंद साह,चंद्र देव सिंह, गुड्डू ओझा, काजू पांडेय, रामजी पासवान, सुरेंद्र सिंह, किरण देवी, बबिता देवी, शांति देवी, राज कुमार राम,श्रवण पासवान, अनिल राम और गोलू सिंह सहित अन्य शामिल थे।




No comments