Header Ads

भीषण अगलगी में 10 परिवारों का उजड़ा आशियाना, चार मवेशियों समेत जली लाखों की संपत्ति ..

दोपहर में काम का समय होने के कारण किसी के भी घर में कोई पुरूष नहीं होने को लेकर महिलाओं ने किसी तरह भाग कर अपनी जान तो बचा ली. पर झोपड़ियों में बंधी दो जर्सी समेत चार गायों को बचाया नहीं जा सका. 

- औद्योगिक थाना क्षेत्र के जगदरा गाँव का है मामला.
- मौके पर रेडक्रॉस ने बाँटी राहत सामग्री.

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर: औद्योगिक थाना क्षेत्र के जगदरा गांव में बुधवार की दोपहर लगी भीषण आग के दौरान गांव के दस लोगों की झोपड़ियां जलकर राख में तब्दील हो गई. अचानक लगी आग में चार गायों समेत लाखों रुपयों के अनाज और वस्त्र आदि जलने का अनुमान किया गया है. मौके पर पहुंची तीन दमकल गाड़ियों ने लगभग दो घंटे कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.

अगलगी की घटना दोपहर लगभग डेढ बजे की बताई जा रही है. जब औद्योगिक थानाक्षेत्र के जगदरा गांव में अचानक आग की उंची लपटें उठनी शुरू हो गई. दोपहर में काम का समय होने के कारण किसी के भी घर में कोई पुरूष नहीं होने को लेकर महिलाओं ने किसी तरह भाग कर अपनी जान तो बचा ली. पर झोपड़ियों में बंधी दो जर्सी समेत चार गायों को बचाया नहीं जा सका. आग की उंची उठती लपटों को देख आसपास से लोग दौड़े हुए जब तक पहुंचे तब तक आग अपना प्रचण्ड रूप धारण कर चुका था. आनन फानन में किसी ग्रामीण ने इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी. आग के विकराल होने की जानकारी मिलते ही बक्सर से एक साथ दो और डुमरांव से एक गाड़ी को जगदरा गांव के लिए रवाना किया गया. सीनियर फायर कर्मी उपेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम में मौजूद महेश कुमार, अनिल कुमार सिंह, भरत राम, उमेश कुमार, प्रदीप पासवान, महेश कुमार तथा सुमन कुमार ने लगभग दो घंटे की भारी मशक्कत के बाद आग पर किसी प्रकार फायर ब्रिगेड की टीम ने काबू पाया. 

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे सदर सीओ सत्येद्र कुमार सिंह ने पीड़ितों से मिलकर उनके नुकसान का आकलन के बाद लगभग दस लाख से उपर का सामान जलने की जानकारी दी. फिलहाल आग लगने के कारणों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई है.

दस लोगों की झोपड़ियां जली:

सीओ सत्येंद्र कुमार सिंह ने घटना में गांव के दस लोगों की झोपड़ी समेत अन्य सामान जल जाने की जानकारी दी है. जिनमें रामप्रवेश यादव, दलससिंगार यादव, राजभूषण यादव, लालबदन यादव की चार गायों समेत अनाज, कपड़े-लत्ते, बाइक, साइकिल, नकदी और जेवरात आदि जल गए. जबकि आसपास मौजूद मुन्ना यादव, दिनेश यादव, कन्हैया यादव, दिलबहादुर यादव, श्रीनाथ यादव, और शिवजी यादव की झोपड़ी और उसमें मौजूद सारे सामान जलकर राख हो गए. नुकसान का आकलन के बाद सभी पीड़ितों को सरकारी सहायता मुहैया कराई जाएगी.

रेडक्रास ने बांटी सहायता सामग्री:

अगलगी की सूचना मिलते ही सदर एसडीओ केके उपाध्याय ने रेडक्रॉस सोसाइटी को पीड़ितों के बीच राहत सामग्री वितरित करने का निर्देश दिया. निर्देश के आलोक में रेडक्रॉस के अध्यक्ष डॉ. आशुतोष कुमार सिंह, सचिव डॉ. श्रवण तिवारी तथाआपदा प्रबंधक डॉ. हनुमान अग्रवाल तथा अवधेश कुमार अपनी टीम के साथ घटना के 15 मिनट के अंदर जगदरा गांव पहुंच गए और अगलगी से पीड़ितों के बीच बाल्टी, मग, साड़ी, तौलिया, धोती, बच्चों के कपड़े और तिरपाल आदि का वितरण किया.














No comments