ट्रक में लदी हुई शराब की बड़ी खेप बरामद, व्यवस्था पर उठ रहे सवाल ..
बीती रात पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि धनसोई थाना क्षेत्र के सुजायतपुर गांव में शराब की बड़ी खेप पहुंची है. जिसको तस्करों द्वारा ट्रक से उतारकर कहीं और पहुंचाया जा रहा है.
- धनसोई थाना क्षेत्र के सुजायतपुर गांव से हुई बरामदगी, बाइक भी जप्त.
- वाहन के नंबरों के आधार पर कारोबारियों की तलाश में जुटी है पुलिस.
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर: धनसोई थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने विदेेशी शराब की एक बड़ी खेप को बरामद किया है. साथ ही साथ पुलिस ने एक ट्रक तथा एक अपाचे बाइक को भी जप्त किया है.
मामले की जानकारी देते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सतीश कुमार ने बताया कि बीती रात पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि धनसोई थाना क्षेत्र के सुजायतपुर गांव में शराब की बड़ी खेप पहुंची है. जिसको तस्करों द्वारा ट्रक से उतारकर कहीं और पहुंचाया जा रहा है. सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष बिकाऊ राम तथा अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे. उन्हें देखते ही शराब के धंधेबाज भागने में सफल रहे. पुलिस ने मौके से ट्रक पर लदी हुई शराब की 172 पेटियों को बरामद किया है, जिनमें तकरीबन 8256 पीस शराब की बोतलें रखी हुई थी. उन्होंने बताया कि बरामद ट्रक तथा अपाचे के नंबर के आधार पर पुलिस वाहन मालिक की तलाश कर रही है, जिससे कि तस्करी के धंधे में जुड़े अन्य लोगों का भी पर्दाफाश किया जा सके.
हालांकि, शराब की इस खेप की बरामदगी के बाद जहां पुलिस इसे बड़ी सफलता मान रही है. वहीं एक बात और सोचने वाली है कि आचार संहिता लगने के बाद जहां लगातार वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है. वहीं इतनी बड़ी खेप गांव तक आसानी से कैसे पहुंच गई.















Post a Comment